फर्रुखाबाद: जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने राजेपुर थाने का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचे निरीक्षण से थाना परिसर में हलचल तेज हो गई और पुलिसकर्मी सक्रिय नजर आए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया, जहां व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति सकारात्मक छवि बने।
इस दौरान उन्होंने थाने की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चारों ओर बाउंड्री वॉल निर्माण की आवश्यकता जताई और इसके लिए शीघ्र प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों की भी गहन जांच की और कंप्यूटर कक्ष में रखे रिकॉर्ड को अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने टॉप-टेन अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की सूची का अवलोकन करते हुए उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके। इसके अलावा, थाने में बने भोजनालय (मेस) की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया, जहां मरम्मत की आवश्यकता देखते हुए जल्द सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट संकेत मिला कि पुलिस प्रशासन जिले में व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 







