ब्यूरो रिपोर्ट बदायूं
बदायूं। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई कार्यकारिणी में बदलाव किया है। 28 अक्टूबर 2026 को पत्रकार अमित दीक्षित को बदायूं जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इससे पहले अमित दीक्षित संगठन में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

अमित दीक्षित लंबे समय से राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा से जुड़े हुए हैं और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा, ईमानदारी, मेहनत एवं लगन के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके कार्यों और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक एवं बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट माननीय अलंकार अग्निहोत्री तथा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष माननीय विश्वदीप अवस्थी ने अमित दीक्षित को बदायूं जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। दोनों पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि अमित दीक्षित के नेतृत्व में बदायूं जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन का विस्तार होगा और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अमित दीक्षित के सामने संगठन की विचारधारा और नीतियों को जिले की जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा बदायूं में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
अमित दीक्षित की नियुक्ति को बदायूं जिले में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



