रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद। जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव आसमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मिड-डे मील के दौरान भूख लगने पर अतिरिक्त दो रोटी और एक चमचा दूध मांगने वाले कक्षा 3 के मासूम छात्र के साथ कथित मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कृष्ण, जो बेहद गरीब और अनाथ बताया जा रहा है, प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 का छात्र है। बुधवार को विद्यालय में मिड-डे मील बांटा जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 70 बच्चों के लिए मात्र दो लीटर दूध तैयार कराया गया था, जिससे बच्चों को पर्याप्त मात्रा में दूध नहीं मिल सका।
इसी दौरान भूख लगने पर मासूम कृष्ण ने शिक्षकों से दो रोटी और एक चमचा दूध और देने की मांग कर दी। आरोप है कि इस बात से नाराज प्रधानाध्यापिका नीलम ने बच्चे को डांटते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद बच्चा रोता-बिलखता घर पहुंचा और अपनी दादी को पूरी घटना बताई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय पहुंच गई और हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे एआरपी मयंक दुबे ने पीड़ित पक्ष को ही फटकार लगा दी और मामले को दबाने की कोशिश की।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि विद्यालय का गेट बंद कर बच्चों को बाहर न जाने देने के निर्देश दिए गए थे। घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित पक्ष ने थाना अमृतपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







