रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
जनपद फर्रुखाबाद थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर-जटपुरा में हुए चर्चित बवाल मामले में पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 67/2026 से संबंधित एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार राजवीर उर्फ भूरा पुत्र तेजराम निवासी ग्राम चाचूपुर थाना राजेपुर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय फतेहगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि चाचूपुर में युवक की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। आरोप है कि बवाल के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया। घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। लगातार हो रही पुलिस दबिश के चलते नामजद और अज्ञात आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा। वहीं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
चाचूपुर कांड में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साफ है कि पुलिस प्रशासन अब पूरे मामले में पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है।







