रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के चर्चित चाचूपुर बवाल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस टीम पर पथराव, मारपीट और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में अब लगातार गिरफ्तारी की कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया गया है कि इस मामले में दर्ज मुकदमे में करीब 44 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें 14 नामजद हैं। घटना का मुख्य आरोपी कामेश पुत्र मंशाराम अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
शुक्रवार को पुलिस ने कामेश के छोटे भाई शीशराम पुत्र मंशाराम निवासी ग्राम चाचूपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक बवाल के दौरान ली गई तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों की जांच में शीशराम की पहचान हुई। राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि फोटो और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
चाचूपुर कांड के बाद गांव में अभी भी पुलिस का कड़ा पहरा है। प्रशासन किसी भी तरह की दोबारा अशांति रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।







