गंगा सफाई, नाला टैपिंग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन हुआ सक्रिय
फतेहगढ़, फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति, वन बंदोबस्त समिति एवं आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने जानकारी दी कि शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए जनपद फर्रुखाबाद में कुल 40,82,488 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग को 21 लाख पौधे लगाने तथा अन्य विभागों को 19,82,488 पौधारोपण का लक्ष्य सौंपा गया है।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन विभागों ने अब तक कार्ययोजना, स्थल चयन और गड्ढा खुदान संबंधी सूचना उपलब्ध नहीं कराई है, वे हर हाल में 30 मई 2026 तक जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान को पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ सफल बनाया जाए।
बैठक में गंगा स्वच्छता को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। डीएम ने गंगा नदी में गिरने वाले नालों को तत्काल टैग करने के निर्देश दिए। साथ ही बीबीगंज नाले के लिए पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने तथा सोताबहादुरपुर नालों को 30 एमएलडी क्षमता में टैप करने हेतु गंगा प्रदूषण जल निगम को प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा गंगा घाटों पर कार्यरत नाविकों, गोताखोरों, पंडा-पुजारियों एवं दुकानदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पंजीकृत लोगों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी अस्पतालों और चिकित्सालयों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग राजीव कुमार, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







