रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
जनपद फर्रुखाबाद थाना अमृतपुर ग्राम जटपुरा गांव के पास करनपुर दत्त संपर्क मार्ग के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मुजह गांव के करीब छह दर्जन से अधिक काश्तकार मौके पर पहुंच गए और सड़क चौड़ीकरण का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाएगी, तब तक शिलान्यास नहीं होने दिया जाएगा।
मौके पर माहौल तनावपूर्ण होता देख ठेकेदार ने ग्रामीणों से हाथ जोड़कर कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न कराने की अपील की। इस पर किसानों ने कहा कि “शिलान्यास कर लो, लेकिन रोड नहीं बनने देंगे।” विरोध के चलते काफी देर तक मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक केवल अपनी जाति विशेष के लोगों की ही सुनवाई करते हैं, जबकि अन्य समाज के लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता है। किसानों का कहना था कि संबंधित चकरोड सरकारी अभिलेखों में मात्र दो मीटर दर्ज है, फिर उसे चार मीटर चौड़ा क्यों किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए जिन लोगों की सहमति दिखाई जा रही है, उनमें कई हस्ताक्षर फर्जी हैं और बिना वास्तविक सहमति के कार्य कराया जा रहा है।
वहीं क्षेत्रीय विधायक सुशील शाक्य ने विरोध के बीच अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सड़क को किसानों की सुविधा के लिए चौड़ा किया जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी उपज मंडी तक ले जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने दावा किया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य ग्रामीणों की सहमति से ही कराया जा रहा है।







