कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

ऑपरेशन थिएटर में महिला की मौत के बाद बवाल, मानक विहीन मिला निजी अस्पताल, सील की कार्रवाई

कल्पवृक्ष ब्यूरो रिपोर्ट-

फर्रुखाबाद। जिले में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। लकूला-मसैनी रोड स्थित एसएस हॉस्पिटल में ऑपरेशन से पहले महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले ने तूल पकड़ा तो स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र निवासी श्वेता उर्फ वर्षा पत्नी अश्वनी को पित्ताशय में पथरी की शिकायत के चलते एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला का ऑपरेशन किए जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान ऑपरेशन थिएटर में ले जाते समय उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मृतका के ससुर सत्यपाल समेत अन्य परिजनों ने चिकित्सकों पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार मौके पर पहुंचे और अस्पताल के दस्तावेजों व व्यवस्थाओं की जांच की।

जांच के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल मानकों के अनुरूप संचालित नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इसी बीच कार्रवाई की जानकारी मिलते ही अस्पताल संचालक अनुज राजपूत के समर्थन में कुछ अधिवक्ता और समर्थक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान सीएमओ के साथ अभद्रता की गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कादरी गेट थाना पुलिस और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया तथा सीएमओ को सुरक्षा के बीच वहां से निकाला गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार एवं सीओ सिटी अभय वर्मा भी मौके पर पहुंचीं। प्रशासनिक टीम ने अस्पताल की जांच के बाद उसे सील कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

स्वास्थ्य विभाग अब अस्पताल के पंजीकरण, चिकित्सकीय सुविधाओं, ऑपरेशन प्रक्रिया और संबंधित डॉक्टरों की भूमिका की विस्तृत जांच में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल संचालक और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें