जनपद फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज क्षेत्र में व्यापारी नेता पर हुए जानलेवा हमले के बहुचर्चित मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए नौ दोषियों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 66 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में एक वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
मामला थाना कमालगंज क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी एवं व्यापार मंडल के पूर्व नगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता से जुड़ा है। उन्होंने 14 नवंबर 2020 को दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया था कि 13 नवंबर की रात वह तपस्वी बाग हनुमान मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब 10 बजे गंगागली चौराहे के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और राजनीतिक रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया।
तमंचे से फायर, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा
एफआईआर के अनुसार हमले के दौरान अखिल गुप्ता उर्फ नेता ने तमंचे से फायर किया, लेकिन अनिल गुप्ता के झुक जाने से गोली उनके सिर के पास से निकल गई। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और लात-घूंसों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थीं।
पीड़ित ने आरोप लगाया था कि हमलावर उनकी करीब 20 ग्राम सोने की चेन और जेब में रखे लगभग 10,300 रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
इन आरोपियों को मिली सजा
पुलिस ने मामले में अखिल गुप्ता उर्फ नेता, अमित गुप्ता उर्फ भगत, निखिल गुप्ता, संदीप गुप्ता, निहाल, रोहित गुप्ता, हर्ष गुप्ता, जतिन गुप्ता उर्फ जानू समेत नौ आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोप सिद्ध किए।
अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला
विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र एवं अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र सचान ने सभी अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 66-66 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अदालत ने यह भी आदेश दिया कि वसूले गए जुर्माने की आधी धनराशि घायल व्यापारी नेता अनिल कुमार गुप्ता को दी जाए।
इस फैसले के बाद व्यापारिक संगठनों और क्षेत्रीय लोगों में चर्चा का माहौल है।







