रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद थाना राजेपुर क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी 23 वर्षीय अनामिका पत्नी अमित ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर उसे राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पीड़िता अनामिका के अनुसार उसकी शादी चार वर्ष पूर्व जनपद फिरोजाबाद में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और जेठ अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।
अनामिका ने बताया कि दो दिन पूर्व ससुराल पक्ष ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह वह मायके पहुंची, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उसे राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
महिला की मौसी आरती ने बताया कि अनामिका का दो वर्ष का एक मासूम पुत्र भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ना दी जा रही थी, जिससे उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति खराब हो गई है। परिवार ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना राजेपुर प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







