रिपोर्ट- आरिफ सिद्दीकी संवाददाता कमालगंज
फर्रुखाबाद। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में तैनात पूर्व सैनिक रमजान शेर ने अपनी ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय देकर लोगों का दिल जीत लिया। उनकी इस सराहनीय पहल की अस्पताल परिसर में जमकर प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके रमजान शेर वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वह सीएचसी कमालगंज में संविदा गार्ड के पद पर तैनात हैं। मंगलवार 27 मई 2026 को थाना क्षेत्र के सरफाबाद गांव निवासी रिंकी दवा लेने के लिए अस्पताल पहुंची थीं। इलाज के दौरान वह अपना मोबाइल फोन अस्पताल परिसर में कहीं भूल गईं।
घर पहुंचने के बाद मोबाइल गायब होने का एहसास होने पर रिंकी और उनके परिजन काफी परेशान हो गए तथा मोबाइल की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच अस्पताल परिसर में ड्यूटी कर रहे गार्ड रमजान शेर को एक मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़ा मिला।
पूर्व सैनिक रमजान शेर ने ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल अपने पास सुरक्षित रखा और उसकी कॉल हिस्ट्री के जरिए परिजनों से संपर्क किया। फोन पर जानकारी मिलने के बाद रिंकी दोबारा सीएचसी पहुंचीं, जहां रमजान शेर ने उनका मोबाइल सुरक्षित वापस सौंप दिया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर महिला और उनके परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने गार्ड रमजान शेर का आभार जताते हुए कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है।
वहीं अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों ने भी रमजान शेर की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि फौजी भले ही सेवा से रिटायर हो जाए, लेकिन उसका अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा जीवनभर कायम रहती है। रमजान शेर की इस पहल ने लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है।







