फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 7 जून को दोपहर लगभग 3 बजे पड़ोसी युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने राजेपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पट्टी दारापुर निवासी रजनीश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया है।
राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







