राजेपुर, फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर फर्रुखाबाद-हरदोई मार्ग स्थित उमेदपुर के पास एक रोडवेज बस में पुलिस भर्ती अभ्यर्थी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार हरदोई डिपो की रोडवेज बस हरदोई से आगरा जा रही थी। बस में पुलिस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर लौट रहे करीब 55 अभ्यर्थी सवार थे। रास्ते में उमेदपुर स्थित एक ढाबे पर चालक द्वारा बस भोजन के लिए रोकी गई। अधिकांश यात्री बस से उतर गए, जबकि राहुल कुमार निवासी फतेहपुर सीकरी और एक अन्य युवक बस में ही बैठे रहे।

आरोप है कि इसी दौरान आधा दर्जन युवक बस में चढ़ गए और राहुल कुमार से बस आगे बढ़ाने के लिए कहने लगे। राहुल द्वारा स्वयं को चालक न बताने पर युवक नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में राहुल घायल हो गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई ! पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







