रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे एक अभ्यर्थी के साथ रोडवेज बस में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम हरदोई में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होकर आगरा लौट रहे अभ्यर्थी रोडवेज बस से सफर कर रहे थे। इटावा-बरेली हाईवे स्थित उमेदपुर ढाबा पर बस रुकने के बाद अधिकांश परीक्षार्थी भोजन करने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान दो युवक बस में चढ़ गए और बस में बैठे एक अभ्यर्थी से बस हटाने को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामूली विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद बस चालक दोनों युवकों को लेकर सीधे राजेपुर थाने पहुंच गया, जहां पीड़ित पक्ष ने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में आरोपितों की पहचान हिमांशु चौहान (21) पुत्र तेजपाल चौहान एवं अभय चौहान (19) पुत्र शिवपाल सिंह चौहान, निवासी ग्राम निबिया, थाना राजेपुर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर बुधवार को शांति भंग की आशंका के तहत चालान कर दिया।
राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद दोनों युवकों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







