रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर जिठैली में मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार ग्राम पूरनपुर जिठैली निवासी गंगा देवी (45 वर्ष) पत्नी रामबाबू ने 15 मई 2026 को राजेपुर थाने में तहरीर देकर गांव के ही श्याम मोहन पुत्र संजू,अमरदीप पुत्र संजू, सुमन पत्नी संजू तथा संजू पुत्र उदयपाल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
गंगा देवी ने अपनी शिकायत में बताया था कि 15 मई की शाम करीब 7 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान श्याम मोहन मोटरसाइकिल लेकर आया और उनकी चारपाई मे जोरदार टक्कर मार दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उनके तथा उनके पुत्रों के साथ मारपीट की। घटना में गंगा देवी और उनके पुत्र रामस्वरूप घायल हो गए थे।

घायल रामस्वरूप ने बताया कि उनका इलाज जिला लोहिया अस्पताल में कराया गया था, जबकि उनकी मां का निजी अस्पताल फतेहगढ़ में उपचार चल रहा था। तीन दिन पूर्व ही उन्हें घर लाया गया था। शनिवार देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और घर पर ही मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है तथा आरोपियों का शांति भंग की कार्रवाई में चालान किया जा चुका है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी!







