रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के खानपुर पुलिया के पास बुधवार को एक युवक शराब के नशे में बाइक चलाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) राजेपुर में भर्ती कराया, जहां उसने नशे की हालत में जमकर हंगामा भी किया।

जानकारी के अनुसार राज पुत्र सत्येंद्र पाल चौहान अमृतपुर क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी से बाइक द्वारा मोहम्मदाबाद किसी रिश्तेदार को लेने जा रहा था। बताया जा रहा है कि खानपुर नाशा पुल के निकट पहुंचते ही उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को डायल-112 वाहन से CHC राजेपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक युवक शराब के नशे में बाइक चला रहा था। बताया जाता है कि अस्पताल में परिजनों के पहुंचते ही युवक ने नशे की हालत में अपना आपा खो दिया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करने लगा। उसके हंगामे से कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा स्वास्थ्य कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर युवक को शांत कराया। माहौल सामान्य होने के बाद चिकित्सकों ने दोबारा उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुख्य बिंदु
खानपुर पुलिया के पास फिसली बाइक, युवक गंभीर घायल।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 ने घायल को पहुंचाया CHC राजेपुर।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर की जांच।
शराब के नशे में अस्पताल में किया हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति।
उपचार के बाद युवक की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी जारी।







