कल्पवृक्ष ब्यूरो रिपोर्ट-
बरेली। मनौना धाम से हुए बच्चा चोरी के मामले में बरेली पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस सफलता की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कई टीमों का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस संभावित मानव तस्करी और बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक जांच पूरी होने से पहले किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में सामने आए अन्य संदिग्ध नामों की भी जांच की जा रही है तथा उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा !







