कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

दो दिन से लापता किसान का शव मक्के के खेत में मिला, गांव में मचा हड़कंप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रिपोर्टर आरिफ सिद्दीकी कमालगंज

फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव भूलनपुर में दो दिन से लापता किसान का शव शनिवार सुबह मक्के के खेत में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार भूलनपुर निवासी 28 वर्षीय प्रवेश राजपूत गुरुवार सुबह अपनी बाइक से खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती गई।

शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने मक्के के खेत से दुर्गंध आने की सूचना दी। इसके बाद प्रवेश के भाई मौके पर पहुंचे, जहां खेत में उनका शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग प्रवेश को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। बताया गया कि शाम को वे लोग उसकी बाइक घर छोड़ गए, लेकिन प्रवेश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारियों और आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

 

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि प्रवेश को शराब में कोई नशीला अथवा जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया हो सकता है। उनका कहना है कि गांव के कुछ लोग अक्सर उसके साथ बैठकर शराब पीते थे और घटना वाले दिन भी उसके साथ देखे गए थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रवेश राजपूत पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी सविता और दो मासूम बेटे हैं। बड़ा बेटा करीब डेढ़ वर्ष का है, जबकि दूसरा पुत्र मात्र सात माह का है। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि शव काफी खराब अवस्था में मिला है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

बढ़ती शराब संबंधित घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

कमालगंज क्षेत्र में शराब से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल के महीनों में कई हादसों और मौतों के मामलों में शराब की भूमिका चर्चा का विषय रही है। भूलनपुर की इस घटना में भी परिजनों ने शराब में नशीला या जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने की आशंका जताई है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि शराब की बढ़ती लत सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं को जन्म दे रही है। आए दिन होने वाले विवाद, सड़क हादसे, मारपीट और असामयिक मौतों के पीछे शराब एक प्रमुख कारण बनकर उभर रही है। ऐसे में प्रशासन और समाज दोनों को इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

Arif Siddiqui
Author: Arif Siddiqui

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें