कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

बारात की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार कार की टक्कर से वृद्ध की मौत, बेटे ने लगाई न्याय की गुहार

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव भरखा पट्टी में एक बारात के दौरान हुआ सड़क हादसा एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार कायमगंज क्षेत्र के गांव जयोनी निवासी आदेश पुत्र शन्तराम ने थाना राजेपुर पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता 19 जून को भरखा पट्टी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान वह सड़क किनारे खड़े थे। आरोप है कि तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फतेहगढ़ रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर भेज दिया, लेकिन उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

मृतक का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। परिवार का आरोप है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में थाना राजेपुर पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, जबकि गांव में भी इस हादसे को लेकर चर्चा बनी हुई है। लोगों ने विवाह समारोहों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था एवं तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें