रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक संत की मौत हो गई, जबकि दूसरे संत गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात डंपर की टक्कर से अल्टो कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अल्टो कार संख्या UP 80 CC 0396 में सवार राम भारती उर्फ रामू बाबा पुत्र वासुदेव निवासी नगरिया चौराहा हनुमान मंदिर, जनपद मैनपुरी तथा गंगा भारती उर्फ धरू बाबा पुत्र ओमकार निवासी बागवान मोहल्ला, मैनपुरी यात्रा कर रहे थे। दोनों संत पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा से जुड़े थे और गुरु संगम भारती महाराज के शिष्य बताए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अमृतपुर कस्बे के निकट दयानंद इंटर कॉलेज के पास कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर प्रमित राजपूत ने राम भारती उर्फ रामू बाबा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंगा भारती उर्फ धरू बाबा का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक खुबेलाल एवं हेड कांस्टेबल एनजेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भिजवाया।
बताया गया है कि दोनों संत पांचाल घाट से गंगा स्नान कर शमशाबाद स्थित अपने एक शिष्य से मिलने जा रहे थे। इसके बाद उन्हें मैनपुरी लौटना था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने एक संत की जीवन यात्रा समाप्त कर दी।
पुलिस के अनुसार फरार डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वाहन की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। संत रामू बाबा के निधन की खबर मिलते ही उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।







