कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

*इलाज के दौरान दलित युवक श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ *सोनू की मौत, मारपीट का मामला बना गंभीर

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम उजरामऊ में पुरानी रंजिश को लेकर हुई कथित मारपीट के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। घटना में घायल दलित युवक श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35 वर्ष) की कानपुर के हैलेट अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। युवक की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।

 

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 18 जून 2026 की रात श्यामवीर प्रताप सिंह गांव निवासी बादल के घर पर मौजूद था, जहां वह कार्य करता था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी सौरभ अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ और परिजनों के आरोप के अनुसार आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए श्यामवीर के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घायल श्यामवीर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद 25 जून की सुबह लगभग 4 बजे उसकी मृत्यु हो गई। कानपुर पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।

मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर पर राजेपुर पुलिस पहले से ही मामले की विवेचना कर रही है। अब युवक की मृत्यु के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक वैधानिक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई करेगी।

थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

युवक की मौत के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है, जबकि पीड़ित परिवार दोषियों के विरुद्ध शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें