कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: डीजे का तार जोड़ते समय इकलौते भाई की करंट लगने से मौत, बहन ने नम आंखों से लिए सात फेरे

रिपोर्टर- आरिफ सिद्दीकी संवाददाता

फर्रुखाबाद। जनपद के थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम झसी के मजरा नगला चाहर में एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बहन की शादी से ठीक पहले डीजे का बिजली का तार जोड़ते समय 24 वर्षीय सतेंद्र कुमार राजपूत की करंट लगने से मौत हो गई। इकलौते भाई की मौत के बावजूद परिवार ने बेटी के भविष्य को देखते हुए भारी मन से विवाह की रस्में पूरी कराईं। सुबह बहन ने आंसुओं के बीच सात फेरे लिए और करीब दो घंटे बाद भाई की अर्थी उठी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, आनंद कुमार की पुत्री सोनम का विवाह मैनपुरी जनपद के एलाऊ थाना क्षेत्र के मेरापुर गुजराती निवासी तेज सिंह के साथ तय था। सोमवार को बारात आनी थी और घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रविवार देर रात अचानक बारिश शुरू होने पर घर के बाहर रखा डीजे भीगने लगा। डीजे को सुरक्षित रखने के लिए सतेंद्र कुमार उसे अंदर ले आए और दोबारा चालू करने के लिए बिजली का तार जोड़ने लगे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।

 

परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। रात में ही दूल्हा पक्ष को घटना की सूचना दी गई। सोमवार सुबह वर पक्ष गांव पहुंचा और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

 

दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से बेटी के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए पहले विवाह की रस्में संपन्न कराने का निर्णय लिया। गमगीन माहौल में सोनम और तेज सिंह ने सात फेरे लिए। विवाह के लगभग दो घंटे बाद सतेंद्र कुमार राजपूत की अंतिम यात्रा निकाली गई और पांचाल घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

सतेंद्र चार बहनों के इकलौते भाई थे और परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा उनके कंधों पर था। उनकी असमय मौत से पिता आनंद कुमार, मां उर्मिला, चारों बहनों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस आंगन में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहां मातम पसरा रहा। एक ही दिन में बहन की शादी और भाई का अंतिम संस्कार होने की इस मार्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।

वहीं, थाना जहानगंज प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने बताया कि घटना के संबंध में थाने को कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

Arif Siddiqui
Author: Arif Siddiqui

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें