कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

मोबाइल से घर बैठकर की पढ़ाई, नीट-2026 में सफल हुईं आकांक्षा; गंगापार का बढ़ाया मान

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर 

फर्रुखाबाद। सीमित संसाधनों के बावजूद अटूट संकल्प, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत के दम पर गंगापार क्षेत्र की एक छात्रा ने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान की मदद लिए, केवल मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल करने वाली छात्रा अब अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव खंडोली निवासी 19 वर्षीय आकांक्षा चौहान, बबलू चौहान की पुत्री हैं। आकांक्षा ने वर्ष 2023 में हाईस्कूल की परीक्षा 74 प्रतिशत अंकों के साथ तथा वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट की परीक्षा 88 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने महंगी कोचिंग का सहारा लेने के बजाय घर पर रहकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी।

कड़ी मेहनत और अनुशासित तैयारी का परिणाम उन्हें नीट-2026 में मिला, जहां उन्होंने 480 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। सफलता की खबर मिलते ही ग्रामीण, महिलाएं और शुभचिंतक उनके घर पहुंचे तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आकांक्षा चौहान की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और आत्मविश्वास मजबूत हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उनकी उपलब्धि आज गंगापार क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें