रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। सावन माह में निकल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए राजेपुर क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। गुरुवार को अमृतपुर की उपजिलाधिकारी श्वेता साहू और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ इटावा-बरेली हाईवे का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जमापुर, निबिया और डबरी चेक पोस्ट समेत यात्रा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का दौरा किया। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, संभावित जाम की स्थिति और आपातकालीन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीएम श्वेता साहू और सीओ आलोक कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रा मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की कड़ी निगरानी रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा, यातायात और निगरानी के व्यापक इंतजामों के बीच इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







