रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला केवल गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही 56 वर्षीय महिला ने घर के कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नगला केवल निवासी कमला देवी (56) पत्नी जदुवीर सिंह पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। परिजनों का कहना है कि बीमारी से मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने घर के कमरे के कुंडे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कमला देवी का विवाह करीब 39 वर्ष पूर्व हुआ था। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

बताया गया कि काफी देर तक जब कमला देवी कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलकर देखा तो वह रस्सी के फंदे से लटकी हुई थीं। परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत राजेपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला लंबे समय से बीमारी से परेशान थीं। उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।







