कल्पवृक्ष ब्यूरो रिपोर्ट-
फर्रुखाबाद। जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत शुक्रवार को बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के सामने हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शशांक सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष सौरभ कटियार, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान जिला महासचिव गौरव यादव, छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल यादव, नागेंद्र यादव, अंशुल यादव सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए गौरव यादव ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने का निर्णय केवल एक भवन के खिलाफ कार्रवाई नहीं, बल्कि शिक्षा, ज्ञान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाज़ों और वैचारिक संस्थानों को दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में दिल्ली में हुए लोकतांत्रिक प्रदर्शन के दौरान समाजवादी कार्यकर्ताओं और छात्र-युवाओं की आवाज़ को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है और किसी भी विवाद का समाधान संवैधानिक एवं न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।

गौरव यादव ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी लाखों विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा संस्थान है। ऐसे में उसके अस्तित्व पर संकट शिक्षा व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी हस्ताक्षर कर शिक्षा संस्थानों की गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।








