रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
अमृतपुर। थाना क्षेत्र के अमेयापुर गांव में मंगलवार दोपहर आठ माह की गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अमेयापुर निवासी पंकज की 35 वर्षीय पत्नी सुमन मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर पर थीं। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर देख परिजनों ने 102 एंबुलेंस की मदद से उन्हें राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की इमरजेंसी में पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. रजत कटियार ने महिला की जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमन आठ माह की गर्भवती थीं।
परिजनों के मुताबिक सुमन की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व पंकज के साथ हुई थी और वह पहली बार मां बनने वाली थीं। गर्भावस्था के आठवें महीने में अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। महिला की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।








