रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के खानपुर के समीप स्थित चैनगंज गांव में सोमवार को बाढ़ के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक नीचे बाढ़ के पानी में जा गिरा। तलाश के दौरान परिजनों को वह पानी में मिला। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

कासगंज जिले के सरौली गांव निवासी इंद्रेश कुछ दिन पहले अपने साले मिथिलेश के घर चैनगंज आए थे। इन दिनों गांव के आसपास बाढ़ का पानी भरा हुआ है। सोमवार को इंद्रेश का तीन वर्षीय पुत्र प्रांशु घर में खेलते-खेलते छत पर चला गया। खेलते समय अचानक वह छत से नीचे खेतों में भरे बाढ़ के पानी में जा गिरा।

कुछ देर बाद जब प्रांशु दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर के आसपास बाढ़ के पानी में खोजबीन करने पर मासूम पानी में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल सीएचसी राजेपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बाढ़ के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
पंचनामा कराने से किया इनकार
परिजनों ने पुलिस की ओर से पंचनामा कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन मासूम के शव को अपने घर ले गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।







