फर्रुखाबाद: रुकाई की खुशियां मातम में बदली, ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की दर्दनाक मौत
फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र के निनौरा श्रृंखलापुर गांव में एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गांव निवासी सचिन (पुत्र राम खिलाड़ी) बाइक से नारायणपुर गढ़िया जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर तीन लोग सवार थे, लेकिन हादसे के बाद अन्य दो युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, ट्रैक्टर चालक भी वाहन समेत घटनास्थल से भाग निकला। हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक शव सड़क पर पड़ा रहा, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

सूचना मिलने पर कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हादसा इतना भयावह था कि मृतक के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिजनों ने बताया कि सचिन तीन दिन पहले ही अहमदाबाद से घर लौटा था और आगामी 21 अप्रैल को उसकी रुकाई व गोदभराई की रस्म होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया
इकलौते बेटे की मौत से पिता राम खिलाड़ी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बहनें सोनी और गायत्री भाई के शव से लिपटकर बिलखती रहीं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।






