रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर-जटपुरा में युवक की मौत के बाद हुए बवाल के मामले में राजेपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गंभीर धाराओं में जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
राजेपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार थाना राजेपुर में मुकदमा संख्या 67/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 221, 132, 121(2), 352, 109 बीएनएस, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम तथा आपराधिक विधि संशोधन अधिनियम की धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 9 मई 2026 को दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी एक राय होकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम पर लाठी, डंडा, सरिया और ईंट-पत्थरों से हमला करने लगे। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहन यूपी-76 जी-0311 में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चाचूपुर-जटपुरा निवासी विकास पुत्र बृजपाल तथा कश्मीर पुत्र रामगुलाम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में करीब 25 से 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विकास के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर वर्ष 2023 और 2021 के मामलों में मारपीट, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में केस चल रहे हैं। वहीं कश्मीर पर भी इसी प्रकरण में गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, कांस्टेबल दिनेश कुमार अवस्थी और कांस्टेबल सौरभ सिंह शामिल रहे।
चाचूपुर बवाल के बाद गांव में अब भी पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।







