कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

Casino Vibes

शटडाउन के बाद दौड़ी बिजली, खंभे पर झुलस गया लाइनमैन मौके पर हुई मौत

रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर

राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में मंगलवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शटडाउन लेने के बाद एलटी लाइन दुरुस्त कर रहे युवक की अचानक बिजली चालू हो जाने से करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव बिजली के खंभे पर ही लटक गया। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों की चीख निकल गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार कुसुमापुर निवासी 35 वर्षीय अर्जुन पुत्र रामप्रकाश ग्राम दौलतपुर में बिजली लाइन ठीक करने का कार्य कर रहा था। बताया गया कि उसने शटडाउन लेकर खंभे पर चढ़कर एलटी लाइन की मरम्मत शुरू की थी। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज झटके से अर्जुन खंभे पर ही झुलस गया और पोल से लटकता रह गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और मौके की जानकारी जुटाई। बाद में परिजनों के पहुंचने पर युवक के शव को खंभे से नीचे उतारा गया।

हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक अर्जुन पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी उषा, बेटी जयशू और अंशिका तथा दो बेटा करन और अर्पित को छोड़ गया है। गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।

घटना को लेकर बिजली विभाग और ग्राम प्रधान के बयानों में भी अंतर सामने आया है। बिजली विभाग के एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि मृतक विभाग का न तो संविदा कर्मी था और न ही सरकारी कर्मचारी। वहीं ग्राम प्रधान संजय सोमवंशी का कहना है कि अर्जुन लंबे समय से डेली बेसिस पर बिजली विभाग के लिए लाइन का काम करता था और शटडाउन लेने के बाद ही पोल पर चढ़ा था। आरोप है कि किसी की लापरवाही से दोबारा बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ।

सूचना पर तहसीलदार शशांक सिंह और लेखपाल आदिल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें