कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

एक महीना बीता, अपहृत किशोरी का सुराग नहीं, पुलिस पर फर्जी फीडबैक और रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप

जनपद फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमानाबाद से लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी का एक माह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए फर्जी फीडबैक लगाने, शिकायत दबाने और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं।

 

परिजनों के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को उनकी नाबालिग बेटी सपना को ग्राम पंचायत गदनपुर देवराजपुर निवासी रोहित पुत्र कन्हैयालाल कथित रूप से मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद परिवार आरोपी के घर पहुंचा, जहां दो दिन में लड़की को वापस लाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन किशोरी वापस नहीं लौटी।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर थाना कमालगंज पहुंचे तो पहले दिए गए प्रार्थना पत्र को स्वीकार नहीं किया गया और नया प्रार्थना पत्र लिखवाकर आरोपी पक्ष के कुछ नाम हटवा दिए गए। बाद में नाबालिग होने के चलते अपहरण की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन परिवार का कहना है कि उन्हें एफआईआर की कॉपी तक उपलब्ध नहीं कराई गई।

पीड़िता की बड़ी बहन नीलम ने आरोप लगाया कि मामले के विवेचक उप निरीक्षक ने फोन कर कहा कि लड़की बरामद हो गई है और “खर्चा पानी” के नाम पर 18 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में डलवा लिए। परिवार का कहना है कि रुपये लेने के बावजूद न तो किशोरी बरामद हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। आरोप है कि बाद में 24 हजार रुपये और मांगे गए।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी युवक का मोबाइल लगातार चालू है और उससे बातचीत भी हो रही है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने में रुचि नहीं दिखा रही। लगातार अधिकारियों और थाने के चक्कर काटते-काटते परिवार परेशान हो चुका है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि 25 अप्रैल 2026 को जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजी गई थी, लेकिन उस शिकायत पर पुलिस ने कथित रूप से फर्जी रिपोर्ट लगा दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनका मोबाइल लेकर ओटीपी और फीडबैक स्वयं भर दिया, ताकि शिकायत दोबारा ओपन न हो सके। परिवार का कहना है कि उन्हें इस फीडबैक की जानकारी तक नहीं दी गई।

परिजनों का आरोप है कि यदि शिकायतकर्ता स्वयं असंतुष्टि दर्ज करता तो लखनऊ स्तर से शिकायत दोबारा खुल सकती थी, इसी वजह से पुलिस ने कथित तौर पर अपने स्तर से संतुष्टि का फीडबैक दर्ज कर दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज है और पुलिस लगातार किशोरी की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा। साथ ही उप निरीक्षक पर लगाए गए रुपये लेने के आरोपों की जांच कराए जाने की बात भी कही।

Arif Siddiqui
Author: Arif Siddiqui

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें