रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर ग्राम बरुआ के निकट मंगलवार दोपहर को एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को स्थानीय लोगों की मदद से खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरुआ निवासी अमरेंद्र अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरेंद्र सड़क किनारे खंती में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को गड्ढा(खाई) से बाहर निकाला तथा प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना ओवरटेक करने के प्रयास में हुई प्रतीत होती है, जिसमें तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने दुर्घटना को देखा है या संबंधित वाहन के बारे में कोई जानकारी है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।







