रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें करीब 30 वर्ष पूर्व मृत हो चुके व्यक्ति के नाम पर कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर लगभग 13 बीघा कृषि भूमि का बैनामा कराने का आरोप लगाया गया है। भूमि खरीदने वाले लोगों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोरखपुर स्थित गाटा संख्या-1 की 1.0520 हेक्टेयर कृषि भूमि का बैनामा 16 जनवरी 2026 को अक्षय, आबिद खान निवासी भावपुर-84 तथा मोहसिन निवासी सोता बहादुरपुर के पक्ष में लगभग 13 लाख रुपये में कराया गया था। आरोप है कि जिस व्यक्ति के नाम पर उक्त भूमि का बैनामा किया गया, उसकी करीब 30 वर्ष पूर्व ही मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद कथित रूप से उसके नाम पर फर्जी आधार कार्ड तैयार कर जमीन का सौदा कर दिया गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बैनामा होने के बाद भी उन्हें भूमि का कब्जा नहीं मिल पाया। जब उन्होंने मामले की गहन जांच-पड़ताल की तो कथित फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की सत्यता और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला न केवल जमीन की धोखाधड़ी बल्कि सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग और जालसाजी का भी गंभीर मामला साबित हो सकता है।







