फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम उजरामऊ में गुरुवार देर रात चोरी की घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने चोरों पर घर में घुसकर नगदी और जेवरात से भरा बक्सा चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी शेर सिंह पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि गुरुवार रात वह अपनी पत्नी निशा वर्मा तथा सत्यवती के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर कमरे में घुस गए और वहां रखा बक्सा उठा ले गए।
पीड़ित के अनुसार बक्से में एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, एक अंगूठी तथा अलमारी में रखे 25 हजार रुपये नकद थे। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। इस दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर जगदीश के खेत में बक्सा और उसमें रखे कपड़े पड़े मिले, जबकि नगदी और जेवरात गायब बताए गए।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह एवं उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के लोगों से जानकारी ली।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिवार के कुछ अन्य सदस्य घर की छत पर सो रहे थे।
पुलिस की जांच जारी है और घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







