रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम अंबरपुर की मढ़ैया में पैतृक भूमि विवाद को लेकर एक परिवार शुक्रवार को आमरण अनशन एवं भूख हड़ताल पर बैठ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

ग्राम अंबरपुर की मढ़ैया निवासी गिरीश चंद्र मिश्रा शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे अपनी पत्नी गायत्री देवी, पुत्री सुमन, पुत्र देवेश तथा बहू गंगा देवी के साथ आमरण अनशन पर बैठ गए। गिरीश चंद्र मिश्रा का आरोप है कि लगभग 7 डिसमिल भूमि पर पिछले 40 वर्षों से उनका कब्जा चला आ रहा है, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उक्त भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि वह इस भूमि पर अपने पूर्वज बाबू कल्याण सिंह की स्मृति में एक पार्क का निर्माण कराना चाहते हैं। न्याय की मांग को लेकर उन्होंने परिवार सहित भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष के रमाकांत का कहना है कि अंबरपुर मोड़ के निकट गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए उन्होंने लगभग 14 डिसमिल भूमि दी थी, जिसके बदले में उन्हें यह भूमि आवंटित हुई है। इसलिए वह भूमि पर अपना वैध अधिकार बताते हैं।
उल्लेखनीय है कि रमाकांत ने इससे पूर्व 17 मार्च 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना में अधिग्रहित हो रही अपनी भूमि एवं मकान के मुआवजे को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम सभा अंबरपुर की गाटा संख्या 202 एवं 203 में स्थित उनके मकान का सही मूल्यांकन नहीं किया गया है, जबकि मकान के निर्माण में लगभग 25 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
रमाकांत ने जिलाधिकारी से मांग की थी कि उनके मकान का पुनः निरीक्षण उनकी उपस्थिति में कराया जाए तथा निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद ही उचित मुआवजा निर्धारित किया जाए। उनका कहना था कि जब तक दोबारा सर्वे और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक वह अपनी भूमि और मकान परियोजना के लिए देने को तैयार नहीं हैं।
भूमि विवाद और अनशन की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस तथा थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी ली। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है तथा मामले की जानकारी राजस्व विभाग को भी दे दी गई है। राजस्व विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्र में इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।







