रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर पुलिस ने दुष्कर्म के एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान की।
जानकारी के अनुसार एक महिला ने थाना राजेपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था।
मामले की विवेचना थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह द्वारा की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी रजनीश पुत्र राजवीर निवासी पट्टी दारापुर को चाचूपुर मार्ग के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।







