कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

पुलिया से तालाब में गिरा सवारियों से भरा ई-रिक्शा, 4 वर्षीय मासूम गंभीर, जिला अस्पताल रेफर, तेज रफ्तार और ओवरटेक के प्रयास में हुआ हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। अलीगढ़ नासा पुल के पास सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे तालाब में जा गिरा। हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य सवारों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुडिया भेड़ा गांव के कई लोग ई-रिक्शा से राजेपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ नासा पुल के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से बचने और ओवरटेक करने के प्रयास में ई-रिक्शा चालक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ई-रिक्शा पुलिया से नीचे तालाब में जा गिरा।

हादसे में भुडिया भेड़ा निवासी सुमित की चार वर्षीय पुत्री अनामिका गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और असुरक्षित ओवरटेकिंग के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेतक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें