रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद कस्बा राजेपुर में सोमवार दोपहर एक शादी वाले घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में दूल्हे की बहन झुलस गईं, जबकि घर में रखा करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, कस्बा राजेपुर तिराहा निवासी घनश्याम पुत्र सेवाराम की बारात मंगलवार को जनपद लखीमपुर खीरी जानी है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर में विवाह की तेल रस्म चल रही थी। इसी दौरान परिजन और रिश्तेदार गैस सिलेंडर पर भोजन तैयार कर रहे थे। तभी अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सभी लोग जान बचाकर बाहर की ओर भागे, लेकिन इस दौरान घनश्याम की बहन अनीता आग की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

आग की लपटों ने कुछ ही देर में घर में रखा सामान अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी डालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ित घनश्याम ने बताया कि आग में करीब पांच मोबाइल फोन, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री जल गई, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारात से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। विवाह की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से क्षेत्र में भी शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।







