रिपोर्टर रजत गुप्ता, संवाददाता राजेपुर
तहसील अमृतपुर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 138 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 55, पुलिस विभाग की 26, विकास विभाग की 22, खाद्य एवं रसद विभाग की 8, विद्युत विभाग की 6 तथा अन्य विभागों की 21 शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पैमाइश में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन
जनसुनवाई के दौरान लीलापुर निवासी रामभरोसे पुत्र मुन्नालाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि चार भाइयों की करीब आठ बीघा कृषि भूमि की पैमाइश लंबे समय से लंबित है। कई बार शिकायत करने के बावजूद राजस्व कर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल जवाब-तलब किया। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए तथा तत्काल पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
इसी दौरान नगला हूसा निवासी अनूप कुमार ने राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि “पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।”
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, तहसीलदार शशांक सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







