रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
अमृतपुर, फर्रुखाबाद। थाना अमृतपुर क्षेत्र में बांसी अड्डे के पास स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी उपचार के दौरान लोहिया अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार लज्जावती पत्नी सुरेन्द्र निवासी मुजहा राजपुर की ओर से पैदल जा रही थीं। तभी अमृतपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमृतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर प्रमित राजपूत ने महिला को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

थानाध्यक्ष अमृतपुर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







