राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम राजेपुर राठौरी में मंगलवार को एक पीआरडी जवान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धीरेंद्र सिंह (पुत्र जोगराज सिंह) के रूप में हुई है, जो पीआरडी में तैनात था। परिजनों के मुताबिक धीरेंद्र सिंह ने घर के बाहर खड़े आम के पेड़ पर सफेद गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने तत्काल उन्हें फंदे से उतारकर जमीन पर लिटाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पीआरबी 5604 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह तथा उपनिरीक्षक जेपी वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। उपनिरीक्षक जेपी वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







