रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से हरियाणा के पानीपत जनपद की पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, मामला लाखों रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा बताया जा रहा है और इसी सिलसिले में हरियाणा पुलिस कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा पुलिस राजेपुर थाना क्षेत्र में लगातार डेरा डाले हुए है तथा मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में विभिन्न गांवों में दबिश दे रही है। हालांकि, अब तक किसी अन्य गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि बाहर की पुलिस जांच के सिलसिले में आई है और स्थानीय पुलिस आवश्यक सहयोग एवं वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे तक हरियाणा पुलिस ने राजेपुर थाने में अपनी आमद दर्ज नहीं कराई थी। इसके बावजूद क्षेत्र के कई गांवों में दबिश की कार्रवाई जारी रही। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल हरियाणा पुलिस की जांच जारी है। मामले में अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आने की संभावना है।







