रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना पुलिस ने चर्चित सर्राफा लूटकांड में शामिल पांच आरोपियों के खिलाफ दिन शुक्रवार 10/7/2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर अवैध हथियारों के बल पर लूट जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दिया और अपराध के माध्यम से आर्थिक लाभ अर्जित करने के साथ क्षेत्र में अपना आतंक स्थापित करने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार गिरोह का सरगना सुमित यादव निवासी ग्राम प्रहलादपुर, थाना जैथरा, जनपद एटा है। गिरोह में शिवम यादव, गोविंद उर्फ विकास यादव, आलोक कुमार और अनूप यादव भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 1 फरवरी 2025 को राजेपुर-राठौरी स्थित तिवारी मार्केट से सर्राफा व्यापारी के मुनीम रामअवतार और लकी खान दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और करीब 1.70 लाख रुपये की नकदी, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मुनीम रामअवतार को तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की विवेचना के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, आभूषण, अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस पहले ही न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास का परीक्षण कर गैंग चार्ट तैयार किया गया, जिसे जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन मिलने के बाद पांचों आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत राजेपुर थाने में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी







