रिपोर्टर- आरिफ सिद्दीकी संवाददाता कमालगंज
फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर स्थित रेलवे गुमटी संख्या 138-सी के पास शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कासगंज से कानपुर अनवरगंज जा रही 15038 पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान शबनम (40) निवासी मनिहारी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने पति रियाज के साथ कमालगंज क्षेत्र के देवराजपुर स्थित अपनी ननद के घर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद महिला काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर तड़पती रही। मौके पर मौजूद एक स्कूली छात्र ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।
भीड़ ने पति को बनाया बंधक
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने महिला के पति रियाज को पकड़ लिया और रेलवे गेटमैन के केबिन के बाहर लोहे की जंजीर से बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची कमालगंज थाना पुलिस ने उसे भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
महिला के रिश्तेदार इस्लाम ने बताया कि शबनम की आंखों की रोशनी काफी कमजोर थी। करीब एक वर्ष पहले उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन इसके बाद भी उन्हें देखने में दिक्कत रहती थी। उन्होंने यह भी बताया कि महिला मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला को धक्का दिए जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है।
थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







