रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से लोगों को ट्रांसपोर्ट सुविधा और ड्राईफ्रूट कारोबार उपलब्ध कराने का झांसा देकर अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय स्तर पर ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड तथा 3,155 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह अपनी टीम के साथ 12 जुलाई की रात क्षेत्र में गश्त और साइबर शिकायतों के सत्यापन में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कमालुद्दीनपुर निवासी अनुज चौहान पुत्र यशपाल सिंह बक्शपुर गांव के सामने डबरी-राजेपुर मार्ग पर खड़ा है और उसके पास साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, एक लावा कीपैड मोबाइल, तीन सिम कार्ड और 3,155 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसपोर्ट सेवा और ड्राईफ्रूट उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगता था। बरामद नकदी भी इसी साइबर ठगी से अर्जित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बैंक खातों से जुड़े साइबर शिकायतों के रिकॉर्ड मिले। इनमें गुजरात के भरूच जनपद के अंकलेश्वर जीआईडीसी थाना क्षेत्र तथा दिल्ली के रोहिणी साइबर क्राइम थाने में दर्ज शिकायतें भी शामिल हैं, जिससे उसके अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका मजबूत हुई है।
राजेपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा देश के अन्य राज्यों में हुई साइबर ठगी की घटनाओं से उसका क्या संबंध रहा है।







