रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद।
राजेपुर गंगापार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को गाजियाबाद से आई राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने छात्र-छात्राओं को बाढ़, भूकंप और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने के तरीके बताए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा के प्रति जागरूक बनाना और आपात स्थिति में सही निर्णय लेने के लिए प्रशिक्षित करना था।

एनडीआरएफ के सहायक उपनिरीक्षक रमाकांत यादव ने विद्यार्थियों को बताया कि बाढ़ आने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत किसी सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर पहुंचें। घर की बिजली आपूर्ति बंद कर दें और आवश्यक सामान को ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि आपातकाल में प्लास्टिक की बोतल, लकड़ी के लट्ठे या अन्य तैरने वाले साधनों का उपयोग कर अपनी जान बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान टीम ने लाइफ जैकेट पहनने का लाइव प्रदर्शन कर छात्रों को इसके सही उपयोग की जानकारी दी। साथ ही बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद गर्म पानी का सेवन करें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें।

रमाकांत यादव ने विद्यार्थियों से अपने मोबाइल फोन में ‘सचेत (SACHET)’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से मौसम, तेज हवा, भारी बारिश, बाढ़ और अन्य संभावित आपदाओं की पूर्व सूचना समय रहते प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि गंगापार क्षेत्र बाढ़ प्रभावित इलाकों में शामिल है। इसी को ध्यान में रखते हुए एनडीआरएफ लोगों और विद्यार्थियों को लगातार जागरूक कर रही है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि को रोका जा सके और सभी सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका एनडीआरएफ टीम ने विस्तार से उत्तर दिया।







