रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में रविवार को इटावा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से सवारियों से भरा टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो में सवार पांच यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला लोहिया अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, टेंपो हुल्लापुर से सवारियां लेकर पांचाल घाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान महमदपुर गढ़िया गांव के पास पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि कार और टेंपो की टक्कर में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार माना जा रहा है।







