कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट का लगाया आरोप

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

फर्रुखाबाद/राजेपुर।

राजेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर जिठोली गांव में आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पूरनपुर जिठोली निवासी 25 वर्षीय सरिता, पत्नी सचिन, शनिवार को अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरिता आठ माह की गर्भवती थीं और उनकी यह पहली संतान थी। उनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतका के पिता रघुवीर, निवासी ग्राम ललुआमई, थाना टड़ियावां (जनपद हरदोई), ने राजेपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल पक्ष द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें