रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद राजेपुर थाना क्षेत्र के कुइयां गांव में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध गतिविधि के शक में ग्रामीणों ने मूंगफली से लदी एक पिकअप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ से शाहजहांपुर जा रही मूंगफली से लदी एक पिकअप का मंडी समिति की टीम पीछा कर रही थी। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे चालक ने कुइयां गांव के चक मार्ग पर वाहन खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद मंडी समिति की गाड़ी भी वहां पहुंच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इससे उन्हें आशंका हुई कि कहीं चोर या बदमाश तो नहीं हैं। इसी संदेह में ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग शुरू होते ही मंडी समिति की गाड़ी वहां से निकल गई।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व इसी गांव में राजेश पाठक के घर बदमाशों के घुसने की घटना हुई थी। इसके बाद से उनके घर पर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी। घटना के समय पुलिसकर्मी भी गांव में मौजूद थे।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मूंगफली से भरी पिकअप के चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने वाहन चालकों को संदिग्ध समझकर फायरिंग की थी। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







